स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन संपन्न कराना सभी अधिकारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी—जिलाधिकारी
अल्मोड़ा, 04 नवंबर ।आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के समस्त उपजिलाधिकारियों के साथ बैठक कर निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों से निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं की अद्यतन जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विशेष रूप से फॉर्म-6 एवं फॉर्म-7 की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित प्रकरणों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं, आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं, मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन तथा निर्वाचन से संबंधित अन्य पूर्व तैयारियों की भी समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन केवल एक महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया ही नहीं, बल्कि सभी संबंधित अधिकारियों के लिए एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराना सभी अधिकारियों का सामूहिक दायित्व है। इसके लिए आवश्यक है कि प्रत्येक अधिकारी अपने स्तर पर सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करे।
उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निर्वाचन संबंधी समस्त पूर्व तैयारियों का भली-भांति परीक्षण कर लें। यदि किसी स्तर पर कोई समस्या अथवा कमी पाई जाती है, तो उसका समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समस्त व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत दीक्षिता जोशी, उपजिलाधिकारी स्नेहिल कुंवर सिंह, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, उपजिलाधिकारी रिंकू बिष्ट, सुनील कुमार, सौम्या गर्ब्याल, याक्षी अरोड़ा उपस्थित रहे।