किल्बोखाल से कोटद्वार जा रही मैक्स पर गिरा बोल्डर, 2 की मौत, 7 घायल – Raj Satta News

किल्बोखाल से कोटद्वार जा रही मैक्स पर गिरा बोल्डर, 2 की मौत, 7 घायल

कोटद्वार 04 अगस्त । सोमवार को रिखणीखाल के अंतर्गत किल्बोखाल क्षेत्र से सवारियां लेकर कोटद्वार की ओर आ रहे एक मैक्स वाहन पर बड़ा बोल्डर गिर गया। सिद्धबली मंदिर के समीप हुए इस हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हैं।मृतकों की पहचान सतबीर (20) और रविंद्र उर्फ मोटा (32) के रूप में हुई है, जो पौड़ी गढ़वाल जनपद के रहने वाले थे।घायलों को बेस चिकित्सालय में लाया गया है, जहां से दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एम्स ऋषिकेश के लिए रेफर किया जा रहा है।घटना सुबह करीब दस बजे हुई।

रिखणीखाल प्रखंड के अंतर्गत ग्राम लेकुली निवासी देवेंद्र उर्फ धर्मू (30) पुत्र हीरा लाल सुबह करीब छह बजे अपना मैक्स वाहन संख्या यूके11टीए1610 में सवारियां लेकर कोटद्वार के लिए निकला। लेकुली से ही सतवीर (20) पुत्र राजेंद्र भी वाहन में सवार हो गया।

रास्ते में बमणखोला निवासी दिनेश (40) पुत्र सोहन लाल, ग्राम फतेहपुर निवासी रवींद्र (30) पुत्र लक्ष्मण सिंह, ग्राम ढिमकी निवासी वीरेंद्र कुमार, उनकी पुत्री मीनाक्षी (23) के अलावा सिमरन (20) पुत्री मनीराम, पंकज (18) पुत्र हरीश चंद्र और पीयूष (17) पुत्र सुरेंद्र सिंह भी सवार हो गए।

सुबह करीब दस बजे कोटद्वार से करीब ढाई किलोमीटर पहले अचानक मैक्स वाहन के ऊपर पहाड़ी से बोल्डर आ गिरा। बोल्डर गाड़ी के अगले हिस्से में गिरा, जिस कारण अगली सीट पर बैठे सतवीर और रवींद्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मैक्स चालक देवेंद्र उर्फ धर्मू भी गंभीर रूप से घायल हो गया। वाहन में सवार अन्य लोगों को बेस चिकित्सालय में भर्ती किया गया है। देवेंद्र और दिनेश की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एम्स रेफर किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *