अल्मोड़ा 03 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को चौघानपाटा में नवनियुक्त महिला मोर्चा नगर मंडल, अनुसूचित मोर्चा मंडल एवं अल्पसंख्यक मोर्चा नगर मंडल की नई कार्यकारिणी के स्वागत में एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, पूर्व जनप्रतिनिधि, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह, ऊर्जा और संगठनात्मक एकजुटता का विशेष वातावरण देखने को मिला। नवनियुक्त पदाधिकारियों माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “भारतीय जनता पार्टी ज़िंदाबाद” और “जय भारत” के नारों से पूरा परिसर गुंजायमान कर दिया।

पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी की असली ताकत उसका सशक्त संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक मोर्चा समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद स्थापित कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करता है। महिला मोर्चा, अनुसूचित मोर्चा एवं अल्पसंख्यक मोर्चा की सक्रियता से पार्टी को नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी सेवा, समर्पण और सामाजिक समरसता के साथ अपने दायित्व को निभाएगी।