नैनीताल 06 अक्टूबर । हाई कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार तिवारी को उत्तराखंड हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। भारत सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय (न्याय विभाग) की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की है।
राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद भारतीय संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत न्यायमूर्ति तिवारी को कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। जस्टिस तिवारी तीसरी बार कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त हुए हैं।
अधिसूचना के अनुसार वरिष्ठ न्यायमूर्ति तिवारी की यह नई जिम्मेदारी नौ अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगी। यह नियुक्ति वर्तमान मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता के सेवानिवृत्त होने के बाद की जा रही है, जो आठ अक्टूबर को रिटायर हो रहे हैं। छ्ह अक्टूबर को केंद्र सरकार के संयुक्त सचिव जगन्नाथ श्रीनिवासन की ओर से यह अधिसूचना जारी की गई है।
जस्टिस तिवारी का जन्म 19 सितंबर, 1965 को पिथौरागढ़ में अधिवक्ता परिवार में हुआ था। उनके पिता नंदाबल्लभ तिवारी प्रतिष्ठित सीनियर एक एडवोकेट व नाना राम दत्त चिलकोटी पिथौरागढ़ जिले के एक जाने-माने वकील थे।
उन्होंने केंद्रीय विद्यालय, पिथौरागढ़ से 10वीं तक पढ़ाई की। गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज, पिथौरागढ़ से ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन किया। 1990 में दिल्ली यूनिवर्सिटी से एलएलबी पास किया। 1990 में इलाहाबाद बार काउंसिल में पंजीकृत हुए और इलाहाबाद हाई कोर्ट प्रैक्टिस शुरू की।