उत्तरकाशी के फिताड़ी गांव में भीषण आग छह घर तबाह

पुरोला 24 मार्च। मोरी विकासखंड के फिताड़ी गांव में सोमवार मध्य रात्रि को हुए भीषण अग्निकांड में छह आवासीय भवन व छह अन्न भंडार जलकर नष्ट हो गए।सूचना पर फायर सर्विस मोरी व पुरोला सहित पुलिस, राजस्व विभाग व एसडीआरएफ की टीम ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक भवनों में रखा दैनिक उपभोग का सामान जलकर नष्ट हो चुका था।अग्निकांड में तीन पशुओं की भी जलने से मौत हो गई। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।जानकारी के अनुसार, मोरी बाजार से करीब 35 किमी दूर पंचगांई पट्टी के फिताड़ी गांव में सोमवार रात करीब 12:30 बजे एक आवासीय मकान में सबसे पहले आग भड़की।इस आग ने धीरे-धीरे आसपास के अन्य भवनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। सावणी गांव के प्रधान सुरेंद्र सिंह रावत ने फोन से सबसे पहले अग्निकांड की सूचना दी।

वहीं, क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल ने भी रात को ही प्रशासन को घटना की सूचना दी। साथ ही स्वयं भी एसडीआरएफ टीम के साथ घटनास्थल फिताड़ी के लिए रवाना हुए।सूचना पर एसडीआरएफ, पुलिस बल और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी टीमों ने मिलकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।लेकिन आग इतनी विकराल थी कि मध्यरात्रि में लगी आग पर तड़के चार-पांच बजे बाद ही काबू पाया जा सका।

अग्निकांड की चपेट में आए छह में से चार आवासीय मकान करीब पांच मंजिला थे, जिसमें 8 परिवार रहते थे। इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई। लेकिन तीन गायों की आग की चपेट में आकर जिंदा जलने से मौत हो गई। इस बीच कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के निर्देश पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य मंगलवार सुबह घटना स्थल के लिए रवाना हुए।

आग से प्रभावित परिवार

प्रेम सिंह पुत्र मोर सिंह।
कुंदन सिंह पुत्र खेम सिंह
रविंद्र सिंह पुत्र मोर सिंह।
उमराल सिंह पुत्र मोर सिंह।
तिलक सिंह पुत्र मोर सिंह।
नौनियाल सिंह पुत्र गंगा सिंह।
ताजम देई पत्नी नौनियाल सिंह।
दुधकली देवी पत्नी नौनियाल सिंह।
वीरेंद्र सिंह पुत्र हाकम सिंह।
सुविंद्रा पत्नी सुरेंद्र सिंह।
मोहन सिंह पुत्र धुन्धर सिंह।
जनक सिंह पुत्र तोताराम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *