अल्मोड़ा 21 अगस्त। अल्मोड़ा जिले के स्याल्दे विकासखंड के ग्राम पंचायत गुमटी के फूलाई गांव में शुक्रवार तड़के घर में घुसे तेंदुए ने सो रही 90 वर्षीय वृद्धा पर हमला कर घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
ग्राम प्रधान अमन बिष्ट ने बताया कि फूलाई निवासी परुली देवी (88) पत्नी स्व. आन सिंह रात करीब तीन बजे घर में सो रही थीं। इसी दौरान तेंदुआ घर के अंदर घुस आया और वृद्धा के सिर पर वार करने के साथ ही हाथों में पंजे मारकर उन्हें घायल कर दिया। वृद्धा के शोर मचाने पर घर में सो रही उनकी बहू जाग गई। उसने आसपास के लोगों को बुलाया, जिसके बाद ग्रामीण घायल वृद्धा को भिकियासैंण अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें स्वास्थ्य परीक्षण के लिए रामनगर रेफर कर दिया। वृद्धा की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

घटना के बाद क्षेत्र में हिंसक वन्यजीवों के हमलों को लेकर ग्रामीणों में भय बना हुआ है। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने वन विभाग से तेंदुए के आतंक से निजात दिलाने और सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है। जौरासी रेंज के रेंजर आशुतोष जोशी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायल वृद्धा का हाल जाना। इसके बाद वन विभाग की टीम ने तेंदुए की तलाश और निगरानी के लिए प्रभावित क्षेत्र में गश्त शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि तेंदुए की सक्रियता वाले इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है और जल्द ही क्षेत्र में पिंजरा लगाया जाएगा।