अल्मोड़ा, 27 अक्टूबर।जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आज विकास भवन सभागार में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान योजनाओं की अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग आगामी एक सप्ताह के भीतर योजनाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयावधि में संतोषजनक प्रगति न होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि कृषि हमारी अर्थव्यवस्था का आधार है और किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना का उद्देश्य कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाना तथा किसानों को विभिन्न योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराना है। ऐसे में यह आवश्यक है कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन धरातल पर दिखाई दे और पात्र लाभार्थियों तक उनका वास्तविक लाभ पहुंचे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। विभागीय स्तर पर आपसी समन्वय स्थापित करते हुए योजनाओं की प्रगति में तेजी लाई जाए तथा लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाओं की प्रगति केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसका सकारात्मक प्रभाव किसानों की आय, कृषि उत्पादन एवं उनकी आजीविका पर भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरतें। बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास के एन तिवारी सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे ।