उत्तरकाशी 05 नवंबर । उत्तरकाशी स्थित गंगनानी गर्मकुंड के पास गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया । गंगोत्री धाम जा रही कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई है जिसमें चार लोगों की मौत हो गई है , वहीं अन्य घायलों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है । बताया जा रहा है कि दुर्घटना के वक्त कार में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें से एक व्यक्ति घायल अवस्था में मिला है और अन्य दो की तलाश जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, SDRF और 108 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। नदी में गिरे बाकी बचे लापता लोगों की तलाश के लिए गोताखोरों और रेस्क्यू टीमों द्वारा सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर दुःख जताते हुई लिखा है कि उत्तरकाशी के गंगनानी बाजार के निकट यात्रियों के वाहन के गहरी खाई में गिरने की दुर्घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। दुर्घटनास्थल पर राहत एवं बचाव अभियान जारी है।