अल्मोड़ा 29 जून। अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा विकासखंड में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा चायखान-बेगानिया मोटर मार्ग पर बलिया के समीप हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 2:15 बजे मारुति ऑल्टो कार (यूके 04 जेड 5819) चायखान-बेगानिया मार्ग पर सवारियों को लेकर जा रही थी। बलिया के पास अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में चालक समेत छह लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस व प्रशासन को सूचना देने के साथ राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
मृतकों में राजेंद्र सिंह बिलवाल (40), जगदीश सिंह (35), लछम सिंह (56) और पान सिंह (55) शामिल हैं। सभी बलिया गांव के निवासी थे। घायलों में गोपाल सिंह (45) और सचिन सिंह बिलवाल (18) शामिल हैं, दोनों उसी गांव के निवासी हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य राहत दल मौके पर पहुंचे। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल अल्मोड़ा रेफर कर दिया गया है।