धारचूला। बर्फबारी की आशंका को देखते हुए नवंबर माह में आगामी दिनों के लिए आदि कैलास मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद करने का निर्णय लिया गया है।आदि कैलाश विकास समिति के अध्यक्ष नगेंद्र सिंह कुटियाल और पुनीत सिंह कुटियाल ने बताया कि ग्रामीणों और मंदिर के पुजारी गोपाल सिंह और वीरेंद्र सिंह के साथ विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया है।
5 नवंबर 2026 को विधि-विधान के साथ मंदिर के कपाट बंद कर दिए जाएंगे। समिति ने सभी श्रद्धालुओं और यात्रियों से अपील की है कि इस तिथि को ध्यान में रखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं। दूसरी तरफ प्रशासन द्वारा अभी इनर लाइन परमिट जारी रहेंगे। उप जिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी ने कहा है कि अभी इनर लाइन परमिट प्रशासन द्वारा जारी होते रहेंगे। मौसम के प्रतिकूल होने के बाद इनर लाइन परमिट प्रक्रिया बंद की जाएगी। पांच नवंबर के बाद आदि कैलास के दर्शनों को जाने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर के दर्शन नहीं हो सकेंगे।