धामी सरकार पर कांग्रेस का हमला, भ्रष्टाचार के बड़े घोटालों पर चुप्पी का आरोप – Raj Satta News

धामी सरकार पर कांग्रेस का हमला, भ्रष्टाचार के बड़े घोटालों पर चुप्पी का आरोप

देहरादून, 14 जुलाई : उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने धामी सरकार पर भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे होने और बड़े घोटालों पर जानबूझकर चुप्पी साधने का आरोप लगाया है। हाल ही में मुख्यमंत्री को भ्रष्टाचार मुक्त शासन के लिए सम्मानित किए जाने को ‘आंख में धूल झोंकने’ जैसा बताते हुए दसौनी ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार ने संस्थागत रूप ले लिया है।दसौनी ने कई बड़े घोटालों का जिक्र किया, जिनमें उद्यान विभाग में हजारों करोड़ रुपये की गड़बड़ी, सैन्यधाम घोटाले की जांच को ठंडे बस्ते में डालना, भाजपा मंत्रियों की आय से अधिक संपत्ति पर चुप्पी, और UKSSSC, JE-AE, पटवारी भर्ती सहित विभिन्न पेपर लीक और भर्ती घोटाले शामिल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन मामलों में ‘बड़े मगरमच्छों’ को बचाया जा रहा है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने खनन, शराब और भू माफिया को सरकारी संरक्षण मिलने, स्थानांतरण उद्योग और ठेका घोटालों में बड़े पैमाने पर कमीशनखोरी का भी आरोप लगाया। उन्होंने हरिद्वार जमीन घोटाला (₹54 करोड़), नैनीताल में ट्रेजरी अधिकारियों की रिश्वतखोरी, देहरादून में चौकी प्रभारी की गिरफ्तारी, PWD इंजीनियरों द्वारा चमोली में बैली पुल में गंभीर निर्माण दोष, टेक्निकल यूनिवर्सिटी और उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में घोटाले जैसे कई अन्य मामलों को भी उजागर किया।

दसौनी ने कहा कि भाजपा का ‘शून्य सहिष्णुता’ का दावा एक राजनीतिक मज़ाक बन चुका है। उन्होंने चेताया कि उत्तराखंड की जनता आगामी समय में इन सभी घोटालों का जवाब देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *