राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में हो रही बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट एवं वीवीपैट की जांच
अल्मोड़ा, 01 नवंबर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों के क्रम में स्यालीधार स्थित ईवीएम गोदाम में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम एवं वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) की प्रक्रिया जारी है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह ने गोदाम का निरीक्षण कर जांच कार्य का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों से प्रक्रिया एवं कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट एवं वीवीपैट की तकनीकी जांच की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने जांच कार्य की वर्तमान स्थिति तथा इसके संचालन के लिए की गई व्यवस्थाओं के बारे में भी संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
प्रथम स्तरीय जांच निर्वाचन की तैयारियों का एक महत्वपूर्ण चरण है। इसमें बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट एवं वीवीपैट की तकनीकी स्थिति और कार्यप्रणाली का परीक्षण किया जाता है, ताकि निर्वाचन में उपयोग से पूर्व उपकरणों की कार्यशीलता सुनिश्चित की जा सके। जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में यह कार्य संपन्न कराया जा रहा है।