भालू के हमले में बुजुर्ग घायल, थलीसैंण व पैठाणी क्षेत्र में भालू का आतंक – Raj Satta News

भालू के हमले में बुजुर्ग घायल, थलीसैंण व पैठाणी क्षेत्र में भालू का आतंक

थलीसैंण 13 नवंबर । गढ़‌वाल वन प्रभाग की थलीसैंण रेंज के सौंठ गांव में भालू ने मानसिंह को घायल कर दिया। भालू के हमले के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने भालू के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई है। थलीसैंण रेंज के रेंजर महेंद्र सिंह रावत ने बताया कि गुरुवार को सौंठ गांव का पाली तोक निवासी 65 साल के मान सिंह पशुओं के साथ जंगल गए थे। तभी उनपर भालू ने हमला कर दिया। जिससे उनके बाएं हाथ की हथेली पर घाव बन गए । जिले के राठ व थलीसैण क्षेत्र में भालू ने आतंक मचाया हुआ है।

राठ क्षेत्र के थलीसैंण व पैठाणी में पिछले तीन महीने से भालू के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं। भलीसैंण के सौंठ, कम्यूड, कुचौली नौड़ी व मंजरी गांव के साथ ही पैठाणी के कई गांवों में भालू ने एक के बाद अभी तक करीब 35 से अधिक मवेशियों को निवाला बना दिया है। वन विभाग ने सक्रिय भालू को कैद करने से लेकर ट्रैक्यूलाइज करने का काफी प्रयास किया लेकिन भालू अभी तक वन विभाग की पकड़ में नहीं आ पाया है। भालू ने पाबी में एक महिला पर हमला कर घायल कर दिया था वहीं खिसूं के पास दो युवकों पर भी हमला कर उन्हें भी घायल कर दिया था। जिससे विभिन्न क्षेत्रों में भालू की दहशत बनी हुई है। जिला पंचायत सदस्य नौड़ी सीमा चमोली, गडरी पूनम कैंतुरा, ग्रामीण मंगल सिंह नेगी आदि ने बताया कि भालू के आतंक से ग्रामीणों की रोजमर्रा प्रभावित हो रही है। शासन से लेकर प्रशासन तक शिकायत करने के बाद भी ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे है। उन्होंने जल्द ही भालू के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *